धमतरी में ट्रिपल मर्डर: रायपुर के तीन युवकाें काे दौड़ा-दौड़ाकर मार डाला

दो भाई समेत तीन युवकों का कत्ल, अन्नपूर्णा ढाबा के पास सनसनीखेज वारदात
रायपुर। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में रायपुर के तीन युवकों की हत्या हुई है। इस वारदात से पूरे धमतरी जिले में सनसनी फैल गई। हमले में आधा दर्जन से ज्यादा लोग शामिल थे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने मामले में आठ लोगों को हिरासत में लिया है।
पता पूछने पर हुआ दोनों पक्ष में विवाद
सोमवार रात रायपुर से कार सवार पांच युवक कुछ धमतरी के अर्जुनी थाना इलाके के सेमरा गांव के रहने वाले राहुल के यहां पहुंचे थे। इनमें दो भाई सुरेश तांडी (34) नितिन तांडी (32) संतोषी नगर, आलोक ठाकुर (28) सेजबहार अपने अन्य एक दोस्त और राहुल के साथ देर रात खाना खाने के लिए निकले। ये लोग भोयना गांव के अन्नपूर्णा ढाबा के पास जाकर पता पूछने लगे। पहले से ही ढाबे में नशे में झगड़ रहे लोगों से उनकाविवाद हो गया। देखते ही देखते हमलावरों ने रायपुर और सेमरा से पहुंचे युवकों को दौड़ा दौड़ा कर धारदार खंजर जैसे हथियार से हमला कर दिया।
हमले में तीनों की हुई घटनास्थल पर ही मृत्यु
हमले में रायपुर से पहुंचे सुरेश तांडी और नितिन तांडी (दोनों भाई) और आलोक ठाकुर को मौके पर ही मौत हो गई। वहीं राहुल और एक अन्य युवक ने मौके से भागकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलते ही अर्जुनी पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस के माध्यम से तीनों के शव को अस्पताल लाया गया। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार, तीन हत्याओं के मामले में आठ आरोपियों को हिरासत में लिया है, कुछ आरोपी नाबालिग भी बताए जा रहे हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि ढाबे में माचिस मांगने को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद वहां से हमलावरों ने पीड़ित युवकों को दौड़ा लिया। ढाबे के पास तीन युवकों की हत्या कर दी।